Tuesday, 26 August 2014

धर्म संसद की राजनीति
धर्म संसद और देश की संसद में कोई फर्क नहीं लगता है। दोनों ही संसदों में खुद को नेक और बड़ा साबित करने की होड़ सी मची रहती है। हालांकि इनका काम लोगों के हित में फैसले करना ही होता है। पर लोगों के हित को किनारे करते हुए यह खुद के हितों को साधने में लगे हुए हैं। मैं यह नहीं कहती कि साईं को भगवान घोषित कर देना चाहिए पर यह कहां तक जायज़ है कि दूसरे पक्ष को सुने बिना ही फैसला सुना दिया जाए। गौरतलब है कि धर्म संसद में साईं को भगवान, संत और गुरू नहीं माना गया। काशी विद्वत परिषद के संरक्षक शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने परिषद के निर्णय पर अंतिम मुहर लगाई। उन्होंने कहा कि अब मंदिरों में साईं का पूजन नहीं होगा। भविष्य में साईं के नाम से कोई मन्दिर नहीं बनाया जाएगा। परिषद का मानना है कि दो दिन के मंथन के बाद साईं किसी भी कसौटी पर भगवान सिद्ध नहीं हुए हैं। लोग साईं को भगवान का अवतार मानते हैं जबकि अवतार उसे माना जाता है जो अपनी इच्छा के अनुसार शरीर को धारण करता है। भारत जैसे धार्मिक देश में तो शायद यह पूछना भी बेईमानी ही होगी कि हम किसे और क्यों भगवान मानने लग जाते हैं। और उसके प्रति आस्था और विश्वास का स्तर सारी हदों के आगे निकल जाता है।
खैर लगता है कि यह दौर ही कुछ ऐसा है, जो सत्ता में होता है खुद को शहंशाह मान लेता है। धर्म की राजनीति हमारे देश में होना कोई नई बात नहीं है। पर लोगों की धार्मिक भावनाओं से यह नेता और साधु-संत कब तक खेलते रहेगें। कब हम यह समझेंगे कि हम एक ऐसे राष्ट्र के नागरिक हैं जो हमें किसी भी धर्म को मानने की पूरी आजादी देता है। आर.एस.एस के प्रमुख मोहन भागवत का अटपटा बयान आया जिसमें उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले सभी नागरिक हिन्दू हैं। उनके इस बयान पर सियासत भी गरमाई। बड़े-बड़े नेताओं से लेकर पत्रकारों ने उनके इस बयान की कड़े शब्दों में निन्दा भी करी। प्राइम टाइम में यह मुद्दा चर्चा का विषय भी बना। और शायद इससे ज्यादा कोई कर भी क्या सकता था। आखिरकार हम ऐसे ही देश के नागरिक तो हैं जहां हर कोई अपने विचारों को खुलकर रख सकता है। और अब इस बात को लगता है कि देश के कुछ लोगों ने ज्यादा ही महत्वता दे दी है। इन सब बातों को देख कर एक बात पर ज्यादा विश्वास होने लगा है- अविश्वसनीय भारत!!

                                                              

Wednesday, 6 August 2014


गुमनाम सितारे


आज सुबह ऑफिस में आते ही पता चला कि हम सब के फेवरेट चाचा चौधरी को बनाने वाले प्राण शर्मा इस दुनिया में नहीं रहे। कैंसर के चलते उनका निधन हो गया। फेसबुक और ट्वीटर पर लोगों का श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया। ऐसा लगता है कि यह भी लोगों के शौक में ही शुमार हो गया है। बस इधर कोई मरा नहीं और उधर श्रद्धांजलि देना शुरू। मैं इसके खिलाफ नहीं हूं, यह अच्छा भी है कम से कम इसके माध्यम से आप अपनी संवेदनाओं को व्यक्त कर सकते हैं। पर आज से पहले हममें से कितने लोगों को पता था कि प्राण जी कौन हैं, कहां हैं और हैं भी या नहीं? इसे विडम्बना ही कहेंगें कि इतनी काबिल, ना कि मशहूर हस्ती का हमारे बीच होने का हमें पता ही नहीं था। ऐसा सिर्फ हमारे भारत में ही हो सकता है। किसी कलाकार के मरने के बाद उसके बारे में पता चलना यह कोई नई बात नहीं है। क्यों हमारा समाज और हम एक कलाकार को अक्सर भूल जाते हैं। उसकी कला से हमें बहुत प्यार हो जाता है पर कलाकार को हम जानते ही नहीं। क्यों हम इतने अंवेदनशील हो गए हैं। क्या इसके लिए सिर्फ हम जिम्मेदार है या फिर यह सरकार की भी कहीं ना कहीं जिम्मेदारी होती है कि कम से कम भारत के नगीनों को उनके काम के अनुसार सम्मान दिया जाए। प्राण जी के मरने पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी श्रद्धांजलि दी। अब आप इस बात का अनुमान लगा सकते हैं कि प्राण जी का जाना देश के लिए कितनी बड़ी क्षति थी या वह देश के लिए कितना मायने रखते थे। लेकिन अगर सच में वह हमारे लिए इतने ही अज़ीज होते तो क्या हमें उनके जिन्दा होने का कभी एहसास ही नहीं होता। यह सिर्फ प्राण जी की बात नहीं है बल्कि बॉलीवुड ने भी इसे कई बार करीब से महसूस किया है।  प्राण जी को मेरा सलाम जिन्होंने बचपन में मुझे चाचा चौधरी के ज़रिये ना जाने कितने बाद हंसाया है। आज एक बार फिर याद आया कि उस वक्त अखबार वाले से मंगा-मंगा कर ना जाने कितनी कॉमिक्स इक्ट्ठी करी थीं। पता नहीं आज वो सब कहां होंगी।